Jharkhand: लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लावागाई बड़काटोली में पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
लोहरदगा पुलिस अधीक्षक को आज 02 फरवरी 2026 को शाम लगभग 4:00 बजे गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम लावागाई बड़काटोली स्थित अजीत भगत के सचीन जनरल स्टोर में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है।
विशेष टीम का हुआ गठन
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार कुडू के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में सुनील कुमार सिन्हा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
छापेमारी के दौरान दुकान के अंदर से बरामद सामान
पुलिस टीम द्वारा सचीन जनरल स्टोर में छापेमारी की गई, जहां दुकान के अंदर रखे फ्रिज से विभिन्न ब्रांड की कुल 45 बोतल अवैध शराब (छोटी-बड़ी) बरामद की गई। बरामद शराब में किंगफिशर बीयर, गॉड फादर केन बीयर, रॉयल चैलेंज व्हिस्की, 8 पीएम व्हिस्की, 8 पीएम ब्लैक, मैकडॉवेल्स, ब्लेंडर्स प्राइड, आइकॉनिक व्हाइट, ओल्ड मोंक, बी-7 रिजर्व, बकार्डी सहित अन्य ब्रांड शामिल हैं।
आरोपी गिरफ्तार
अवैध रूप से चोरी-छिपे शराब की बिक्री करने के आरोप में सचीन जनरल स्टोर के संचालक अजीत भगत को मौके से विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद गिरफ्तार आरोपी एवं बरामद शराब को सशस्त्र बल के साथ कुडू थाना लाया गया।
इस संबंध में कुडू थाना में कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।