Jharkhand Politics: झारखंड में होने वाले नगर निकाय चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी के भीतर चल रहा असंतोष अब खुलकर सामने आने लगा है. प्रत्याशियों की घोषणा के बाद भाजपा को एक बड़ा राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ा है. धनबाद के पूर्व मेयर और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के करीबी माने जाने वाले चंद्रशेखर अग्रवाल ने भाजपा छोड़कर झारखंड मुक्ति मोर्चा की सदस्यता ले ली है.
चंद्रशेखर अग्रवाल ने दुमका में आयोजित जेएमएम के स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में पार्टी जॉइन की. उनके जेएमएम में शामिल होते ही राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है.
इसी फैसले से नाराज होकर चंद्रशेखर अग्रवाल ने भाजपा से नाता तोड़ा
बताया जा रहा है कि भाजपा ने धनबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए चंद्रशेखर अग्रवाल की जगह प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजीव अग्रवाल को समर्थन देने का फैसला किया था. इसी फैसले से नाराज होकर चंद्रशेखर अग्रवाल ने भाजपा से नाता तोड़ने का निर्णय लिया.
चंद्रशेखर अग्रवाल पहले भाजपा के टिकट पर सांसद, विधायक और मेयर पद के लिए दावेदारी कर चुके हैं. नगर निकाय चुनाव से ठीक पहले उनका दल बदलना भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, वहीं सत्तारूढ़ झामुमो के लिए इसे राजनीतिक मजबूती के तौर पर देखा जा रहा है.
हालांकि, यह भी साफ है कि जेएमएम ने धनबाद से मेयर पद के लिए पहले ही नीलम मिश्रा को अपना समर्थित उम्मीदवार घोषित किया है. इसके बावजूद चंद्रशेखर अग्रवाल का जेएमएम में शामिल होना चुनावी माहौल को और दिलचस्प बना रहा है.