Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-02

Ranchi News: सुजाता चौक पर पीसीआर चालक पर अवैध वसूली का आरोप, वीडियो वायरल होते ही निलंबित

Ranchi: राजधानी के व्यस्त इलाके सुजाता चौक पर तैनात एक पीसीआर वाहन चालक पर बालू लदे ट्रक से कथित रूप से अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और आरोपी चालक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

लेन-देन का दृश्य कैमरे में हुआ कैद 
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब दस बजे पीसीआर वाहन के चालक ने सड़क के बीच एक बालू लदे ट्रक को रोका। इसी दौरान ट्रक चालक और पीसीआर चालक के बीच बातचीत हुई, जिसमें कथित रूप से पैसे के लेन-देन का दृश्य कैमरे में कैद हो गया। यह वीडियो बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया गया, जिसके बाद लोगों में नाराजगी देखी गई और पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे।

पीसीआर चालक तत्काल निलंबित
वीडियो के वायरल होते ही मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंची। सिटी एसपी पारस राणा ने स्वयं पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए घटनास्थल और वीडियो की प्रारंभिक जांच कराई। प्रथम दृष्टया मामला गंभीर प्रतीत होने पर पीसीआर चालक को तत्काल निलंबित करने का आदेश जारी किया गया।

पीसीआर चालक की ओर से दी गई सफाई
हालांकि, जांच के दौरान पीसीआर चालक की ओर से सफाई दी गई कि ट्रक चालक उससे रास्ते से संबंधित जानकारी पूछ रहा था और पैसे लेने का आरोप पूरी तरह निराधार है। बावजूद इसके, वायरल वीडियो में दिख रहे दृश्य और आम जनता की प्रतिक्रिया को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मामले को हल्के में न लेते हुए कड़ा कदम उठाया है।

रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी 
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की विस्तृत विभागीय जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। वहीं, इस घटना को लेकर पुलिस विभाग की छवि पर भी असर पड़ा है।

"जीरो टॉलरेंस" नीति की हुई बात
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में पुलिसकर्मियों से जुड़े अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर एसएसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए "जीरो टॉलरेंस" नीति की बात कही है। ऐसे में यह कार्रवाई पुलिस प्रशासन की उसी नीति के तहत एक अहम कदम मानी जा रही है।










WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !