Chaibasa News: चाईबासा से सटे नोवामुंडी क्षेत्र के टांकुरा गांव के पास जंगल में पुलिस मुठभेड़ के दौरान ओडिशा के बड़बिल स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूटकांड का मुख्य आरोपी सीपु कुमार घायल हो गया. यह कार्रवाई झारखंड और ओडिशा पुलिस की संयुक्त टीम ने की.
जानकारी के मुताबिक, पिछले महीने बड़बिल में बैंक ऑफ महाराष्ट्र में बड़ी लूट की वारदात हुई थी. लुटेरों ने बैंक से करीब पांच करोड़ रुपये का सोना और आठ लाख रुपये नकद लूट लिए थे. इस मामले में पहले ही धनबाद से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
मौका पाकर छिपाई गई बंदूक
पुलिस के अनुसार, सीपु कुमार को बिहार के पीपारा इलाके से पकड़ा गया था और पूछताछ के लिए बड़बिल ले जाया जा रहा था. पूछताछ के दौरान उसने बताया कि लूटा गया सोना चाईबासा के जंगल में छिपाकर रखा गया है. सोने की बरामदगी के लिए जब पुलिस उसे टांकुरा गांव के पास जंगल में ले गई, तभी उसने मौका पाकर छिपाई गई बंदूक निकाल ली और पुलिस पर दो राउंड फायरिंग कर दी.
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें सीपु कुमार गोली लगने से घायल हो गया. घायल आरोपी को इलाज के लिए क्योंझर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस अब लूटे गए सोने की बरामदगी और पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.