Saraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली टीओपी क्षेत्र अंतर्गत गांगूडीह गांव में शनिवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बंद पड़े मकान में अचानक आग लग गई। मकान से उठते घने धुएं और तेज लपटों को देखकर आसपास के लोग घबरा गए और तुरंत अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
ग्रामीण आग बुझाने में जुटे
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बिना समय गंवाए बाल्टी और अन्य साधनों से पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत और सामूहिक प्रयास के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया, जिससे आग आसपास के अन्य घरों तक फैलने से रुक गई।
करीब एक घंटे बाद भी दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची
घटना की जानकारी दमकल विभाग को भी दी गई थी, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद तक भी दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। इस देरी को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई और सुरक्षा व आपात व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे।
आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस हादसे में घर के भीतर रखे लगभग सभी फर्नीचर, घरेलू सामान और अन्य वस्तुएं जलकर पूरी तरह राख हो गईं।
जनहानि नहीं
बताया जा रहा है कि जिस समय आग लगी, उस वक्त घर में कोई भी मौजूद नहीं था। घर के सभी सदस्य किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाहर गए हुए थे और मकान पूरी तरह बंद था। इसी वजह से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, जो राहत की बात रही।