Jharkhand: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास ने केंद्रीय बजट 2026 की सराहना करते हुए इसे लोक कल्याणकारी और दूरदर्शी बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं है, बल्कि भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का एक ठोस रोडमैप है।
समाज के हर वर्ग का रखा गया ध्यान
रघुवर दास ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि इस बजट के केंद्र में समाज का हर वह तबका है जिसे मुख्यधारा में सशक्त बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने विशेष रूप से निम्नलिखित वर्गों का उल्लेख किया, नारी शक्ति और नौजवान, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और महिलाओं के स्वावलंबन पर जोर अन्नदाता और ग्रामीण विकास, किसानों की आय बढ़ाने और गांवों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के प्रावधान। आदिवासी, दलित, पिछड़ा और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए विशेष योजनाओं का स्वागत। मध्यम वर्ग को राहत, मध्यम और अत्यंत मध्यम वर्ग को सशक्त बनाने के लिए उठाए गए कदमों की सराहना।
प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री का जताया आभार
पूर्व मुख्यमंत्री ने झारखंड की 4 करोड़ जनता की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई दी। उन्होंने कहा, यह बजट देश के समावेशी विकास की नींव को और मजबूत करेगा। इसके माध्यम से हम अंत्योदय के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेंगे।
झारखंड के लिए उम्मीद की किरण
रघुवर दास ने विश्वास जताया कि बजट में किए गए प्रावधानों का सीधा लाभ झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य को मिलेगा। बुनियादी ढांचे, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में होने वाला निवेश राज्य के विकास की गति को दोगुना करेगा। यह बजट गांव, गरीब और किसान को सक्षम बनाने वाला है। यह आत्मनिर्भर भारत के सपने को हकीकत में बदलने वाला एक ऐतिहासिक दस्तावेज है।