Ranchi: रांची के लालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुलमोहर पार्क में शनिवार रात हुई मारपीट के बाद एक व्यक्ति की मौत से इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। मृतक की पहचान मधेश्वर सिंह के रूप में हुई है, जबकि उनके बेटे अंकित सिंह इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोग सड़कों पर उतरे
घटना के विरोध में और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार को स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने शव के साथ लालपुर चौक को जाम कर दिया, जिससे इलाके में यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मधेश्वर सिंह को सड़क पर रोककर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और लूटपाट भी की गई, इसी दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे बाद में उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मौके पर स्थिति को संभालने के लिए प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी साक्षी जमुआर, सदर थाना की पुलिस और लालपुर थाना की पुलिस बल मौजूद रही।
आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों ने हटाया सड़क जाम
काफी देर तक चले प्रदर्शन और जाम के बाद प्रशिक्षु आईपीएस साक्षी जमुआर ने प्रदर्शनकारियों को निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उनके आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम हटाया। पुलिस प्रशासन ने बताया कि मामले में अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है.