Jamshedpur: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की उड़नदस्ता टीम ने एक चलती ट्रेन में यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने वाले चार सदस्यों के गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से महंगे स्मार्टफोन, चार्जर और चोरी की वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषि तोरवा, अल्ताफ आलम, चंदन राम उर्फ चिंटू और विशाल तिवारी उर्फ जीशान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी ओडिशा के बड़बिल क्षेत्र के निवासी हैं।
दो संदिग्ध युवकों को पर हुई आशंका
आरपीएफ अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार की देर रात ट्रेन संख्या 12809 मुंबई–हावड़ा मेल के एसी कोच में गश्त के दौरान दो संदिग्ध युवक ट्रेन से उतरकर तेजी से भागते दिखाई दिए। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर आरपीएफ ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि यह गिरोह यात्रियों के मोबाइल फोन चुराने के लिए आपस में पूरी योजना बनाकर काम करता था।
चारों आरोपी गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज और गहन जांच के आधार पर आरपीएफ ने सघन तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान देर शाम नाइट आउट क्षेत्र के पीछे से चारों आरोपियों को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक एप्पल, एक वनप्लस और एक वीवो मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत लगभग 1.60 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल होने वाले बड़ा कटर, हेक्सा ब्लेड और अन्य औजार भी जब्त किए गए।
आरोपियों का पहले से 11 आपराधिक रिकॉर्ड रहा
आरपीएफ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। खासकर अल्ताफ आलम पर 11 बार जेल जाने का केस दर्ज है। चारों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
एक बार फिर सवाल हुए खड़े
यह घटना टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बढ़ती चोरी की घटनाओं पर एक बार फिर सवाल खड़ा करती है। स्टेशन पर आए दिन यात्रियों के साथ मोबाइल छिनतई और अन्य चोरी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। कई बार ट्रेन छूटने के डर से यात्री शिकायत करने से डर जाते हैं, जिससे अपराधियों के लिए यह क्षेत्र आसान बन गया है। आरपीएफ और जीआरपी लगातार कार्रवाई कर रहे हैं, लेकिन चोरी की घटनाओं पर पूरी तरह नियंत्रण अभी तक नहीं हो सका है।