Seraikela News: सरायकेला में नगर निकाय निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी नगरपालिका सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने की. इस दौरान पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत भी मौजूद रहे.
वरीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए
बैठक में आगामी चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने को लेकर विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई. निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए. जिले में गठित 13 कोषांगों के दायित्वों और अब तक की गई तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई.
सभी कोषांग पूरी तरह सक्रिय रहेंगे
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन अवधि के दौरान सभी कोषांग पूरी तरह सक्रिय रहेंगे और अपने अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे. उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार नियमित प्रगति प्रतिवेदन लिया जाए और समय पर आवश्यक सामग्री तथा संसाधन उपलब्ध कराए जाएं.
इसके साथ ही मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण करने, मतदाता संख्या सहित अन्य जरूरी सूचनाओं का संकलन करने और निर्वाचन से जुड़ी सभी तैयारियों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश भी दिया गया.