Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-27

Jamshedpur News: देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी की सुरक्षित वापसी पर सांसद, विधायक और अन्य गणमान्य व्यक्ति पहुंचे आवास

जमशेदपुर: शहर और आसपास के इलाके में आज सुबह एक बड़ी राहत और खुशी की खबर ने हर किसी के चेहरे पर मुस्कान ला दी। मशहूर कारोबारी देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी जिनका 13 जनवरी को अपहरण हुआ था, आज अहले सुबह लगभग 4:30 बजे पुलिस की सक्रिय और समन्वित कार्रवाई के बाद सुरक्षित रूप से अपने घर लौट आए।

कई गणमान्य व्यक्ति पहुंचे देवांग गांधी के घर 
कैरव गांधी के सुरक्षित घर लौटने की खबर मिलते ही उनके निवास पर लोगों का हुजूम लग गया। आम नागरिकों से लेकर नेताओं और व्यापारिक समुदाय के सदस्य तक, सभी वहां पहुंचकर इस खुशी के मौके पर अपने भाव प्रकट करने लगे।
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, सांसद विद्युत वरण महतो, भाजपा नेता कुलवंत सिंह बंटी, और सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने देवांग गांधी के परिवार के साथ मिलकर इस खुशी में भाग लिया। इसके अलावा, एसिया के अध्यक्ष इंदर अग्रवाल और स्थानीय व्यापारिक समुदाय के अन्य सदस्य भी इस अवसर पर मौजूद थे।

सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया ने प्रेस बयान में कहा, “हमें यह बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि पुलिस प्रशासन द्वारा कैरव गांधी को सकुशल बरामद कर उनके परिवार को सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया है। यह कार्य एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी और स्थानीय पुलिस टीम के कुशल नेतृत्व और अथक प्रयासों के बिना संभव नहीं था। हम सभी इनके समर्पण और तत्परता के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।”

देवांग गांधी ने गहरी कृतज्ञता व्यक्त की
इस मामले में देवांग गांधी ने भी पुलिस प्रशासन, स्थानीय अधिकारियों और सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की टीम के सहयोग के लिए अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनका परिवार इस कठिन समय में हर कदम पर पुलिस और स्थानीय समुदाय के साथ खड़ा होने के लिए आभारी है।
पुलिस ने सभी से अनुरोध किया है कि वे कैरव गांधी के निवास पर एकत्रित न हों और उन्हें परिवार के साथ निजी समय बिताने का अवसर दें।

13 जनवरी से शुरू हुए इस तनावपूर्ण दौर के बाद यह खुशी का पल न केवल गांधी परिवार के लिए, बल्कि पूरे जमशेदपुर के लिए राहत और उत्साह लेकर आया है। लोगों की दुआओं और पुलिस प्रशासन की तत्परता ने इस घटना को सफलतापूर्वक सुलझाने में अहम भूमिका निभाई।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !