Dhanbad News: धनबाद में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह और राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जन-जागरूकता का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस मौके पर रणधीर वर्मा चौक से गोल बिल्डिंग तक झारखंड की अब तक की सबसे बड़ी मानव श्रृंखला बनाई गई, जिसमें 12 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया.
इस अभियान में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के साथ-साथ सामाजिक संगठनों, स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की. मानव श्रृंखला के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और मतदान के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया.
नशे की हालत में वाहन चलाना बेहद खतरनाक
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना जरूरी है और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का उपयोग करना चाहिए. उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि नशे की हालत में वाहन चलाना बेहद खतरनाक है और जानलेवा हो सकता है.
थोड़ी सावधानी और कुछ मिनट की देरी
एसएसपी ने लोगों से जल्दबाजी से बचने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि थोड़ी सावधानी और कुछ मिनट की देरी कई लोगों की जान बचा सकती है.
कार्यक्रम के अंत में प्रशासन ने लोगों से जिम्मेदार नागरिक बनने, यातायात नियमों का पालन करने और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मतदान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की. सभी प्रतिभागियों ने सड़क सुरक्षा और मतदाता जागरूकता का संकल्प लिया.