Chaibasa Big Breaking News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और माओवादी नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई. यह मुठभेड़ छोटानागरा थाना क्षेत्र के घने जंगलों में हुई, जिसकी आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है.
मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब दस नक्सलियों को मार गिराया. मारे गए नक्सलियों में एक करोड़ रुपये का इनामी नक्सली अनल दा भी शामिल बताया जा रहा है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की ओर से अभी पूरी सूची की औपचारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है.
गुप्त सूचना के आधार पर शुरू हुआ अभियान
जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को सारंडा क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी. इसके बाद सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया.
कई घंटों तक चली गोलीबारी
सर्च ऑपरेशन के दौरान जब सुरक्षाबल नक्सलियों के करीब पहुंचे, तो नक्सलियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी. इसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला. दोनों तरफ से काफी देर तक फायरिंग होती रही. मुठभेड़ के दौरान कुछ नक्सली जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे.
पूरे इलाके में तलाशी अभियान जारी
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है. फरार नक्सलियों की तलाश में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं.
सारंडा-कोल्हान क्षेत्र नक्सलियों का मजबूत ठिकाना
सारंडा और कोल्हान क्षेत्र को लंबे समय से नक्सली गतिविधियों का केंद्र माना जाता रहा है. यहां कई बड़े नक्सली नेता सक्रिय बताए जाते हैं, जिनमें मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु और अनल जैसे नाम शामिल हैं. इसके अलावा असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत और रापा मुंडा जैसे नक्सली भी अपने दस्तों के साथ इस इलाके में सक्रिय रहते हैं.
सुरक्षाबलों का मानना है कि इस बड़े ऑपरेशन से नक्सलियों की ताकत को गंभीर झटका लगा है और आने वाले समय में झारखंड में नक्सली गतिविधियों पर और प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकता है.