Jamshedpur News: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन जमशेदपुर शाखा के 2025-27 कार्यकाल के लिए होने वाले चुनाव की औपचारिक घोषणा कर दी गई है. चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही चिकित्सकों के संगठन में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है. इसके साथ ही चुनाव संपन्न कराने के लिए चुनाव अधिकारियों की भी घोषणा कर दी गई है. चुनाव अधिकारियों में डा उमाशंकर सिंह, डा आरएन प्रसाद, डा मनोज कुमार यादव, डा नीरज कुमार और डा मंजुला श्रीवास्तव को शामिल किया गया है.
24 जनवरी से नामांकन
आइएमए जमशेदपुर शाखा की ओर से जारी प्रेस रिलीज के अनुसार चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत 20 जनवरी से हो चुकी है. इच्छुक उम्मीदवार 24 जनवरी से 1 फरवरी तक रात 8 बजे तक अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं. इसके बाद 2 फरवरी से 5 फरवरी तक नामांकन पत्रों की वापसी की प्रक्रिया चलेगी. सभी वैध उम्मीदवारों की सूची 6 फरवरी को प्रकाशित की जाएगी.
22 फरवरी को मतदान और उसी दिन परिणाम
चुनाव आयोग के अनुसार 22 फरवरी रविवार को साकची स्थित आइएमए भवन में मतदान कराया जाएगा. मतदान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा. मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 6 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी, जो रात 9 बजे तक पूरी होने की संभावना है. चुनाव परिणाम की औपचारिक घोषणा रात 9.30 बजे के आसपास की जाएगी.
चिकित्सकों में उत्साह, कड़े मुकाबले के संकेत
आइएमए जमशेदपुर शाखा के चुनाव को लेकर डॉक्टरों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. कई प्रमुख पदों पर सीधा मुकाबला होने के संकेत मिल रहे हैं. माना जा रहा है कि नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही दावेदारों की सक्रियता और चुनावी गतिविधियां और तेज होंगी. चुनाव आयोग ने सभी सदस्यों से निर्धारित समयसीमा और नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके. वर्तमान में आइएमए जमशेदपुर शाखा के अध्यक्ष डॉ. जीसी माझी और सचिव डॉ. सौरभ चौधरी हैं.
आइएमए जमशेदपुर शाखा के चुनाव को लेकर स्पष्ट कार्यक्रम सामने आने के बाद संगठन के भीतर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है. तय समयसीमा में नामांकन, मतदान और परिणाम की घोषणा से यह संकेत मिलता है कि संगठन चुनाव को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से कराने के मूड में है. आने वाले दिनों में दावेदारों की सक्रियता और चुनावी समीकरण और स्पष्ट होंगे.