Ranchi: राजधानी रांची में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाते हुए गोंदा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कांड संख्या 008/26 के तहत कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को भारी मात्रा में ब्राउन शुगर और एक स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को गोंदा थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद गोंदा थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। 14 जनवरी की रात जब पुलिस टीम कांके डैम साइड इलाके में गश्त कर रही थी, तभी सूचना मिली कि धावननगर के तीन युवक स्कूटी से ब्राउन शुगर की खेप लेकर पतरागोंदा की ओर से लौटने वाले हैं।
फिल्ट्रेशन प्लांट के पास घेराबंदी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांके डैम रोड स्थित वाटर फिल्टरेशन प्लांट के पास मोर्चा संभाला। थोड़ी देर बाद पतरागोंदा की ओर से आ रही एक होंडा एक्टिवा स्कूटी को जब रुकने का इशारा किया गया, तो आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। हालांकि, मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।
बरामदगी का विवरण
तलाशी के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों के पास से कुल 24.3 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की, रंजन यादव, 12.44 ग्राम ब्राउन शुगर, सुजीत कुमार, सिगरेट के डिब्बे में छिपाई गई 14 पुड़िया 6.63 ग्राम।
कुणाल कुमार, 5.23 ग्राम ब्राउन शुगर
इसके साथ ही पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी JH 01FT 5469 को भी जब्त कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह नशीला पदार्थ सासाराम से लाकर रांची में खपाने की योजना बना रहे थे।
आरोपियों का विवरण
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रंजन यादव 25, सुजीत कुमार 26 और कुणाल कुमार 25 शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इनमें से दो आरोपियों का पहले भी अपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल तीनों के खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य ड्रग पेडलर्स की तलाश कर रही है।