Jamshedpur Crime News: कोवाली थाना क्षेत्र के ढेगाम हाट बाजार में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब रंगामटिया की रहने वाली प्रतिमा सरदार का 4 माह का बेटा भीड़ के बीच गायब हो गया. प्रतिमा सरदार अपने तीन छोटे बच्चों के साथ मुर्गी बेचने हाट आई थी. अत्यधिक भीड़ होने के कारण उसने अपनी 6 वर्षीय बेटी ममता सरदार को 4 माह के बेटे इन्द्रदेव सरदार को संभालने के लिए दिया था. इसी दौरान करीब 3.00 बजे एक अज्ञात महिला ने भीड़ का फायदा उठाकर बच्चे को अगवा कर लिया.
शाम को मिली सूचना के बाद हरकत में आई पुलिस
घटना की जानकारी पीड़ित परिवार को करीब 6.00 बजे शाम में मिली. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू की गई.
14 घंटे के भीतर मासूम सुरक्षित बरामद
लगातार छापेमारी और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस टीम ने 14 घंटे के अंदर 4 माह के बच्चे इन्द्रदेव सरदार को सकुशल बरामद कर लिया. बच्चे को उसकी मां प्रतिमा सरदार को सुरक्षित सौंप दिया गया. इस कार्रवाई में अपहरण में शामिल एक महिला को गिरफ्तार किया गया है.
गिरफ्तार महिला से पूछताछ जारी
गिरफ्तार महिला की पहचान झुमारानी मंडल 40 वर्ष पति प्रभात मंडल निवासी भेलाईडीह थाना कोवाली जिला पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता के संकेत मिले हैं. पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है.
छापेमारी में कई थानों की रही भूमिका
इस पूरे अभियान में कोवाली, पोटका और जादुगोड़ा क्षेत्र की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की. टीम के सदस्यों ने समन्वय बनाकर कम समय में बच्चे को बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिवार को मिली राहत
हाट बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर यह घटना गंभीर चेतावनी है. हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिवार को राहत मिली. अब जरूरी है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके.