Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-05

Deoghar News: देवघर में बोले मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार - शुद्ध मतदाता सूची से ही मजबूत होता है लोकतंत्र

Deoghar: भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने देवघर में आयोजित बीएलओ संवाद कार्यक्रम के दौरान कहा कि लोकतंत्र की मजबूती शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची पर निर्भर करती है, और इस सूची को तैयार करने में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की भूमिका सबसे अहम होती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि निर्वाचन आयोग का संकल्प है कि देश का कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।

झारखंड में अभी आधिकारिक घोषणा नहीं

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने जानकारी दी कि पूरे देश में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से संचालित की जा रही है। हालांकि झारखंड में अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन यहां के बीएलओ की तैयारी यह दर्शाती है कि जब भी यह प्रक्रिया शुरू होगी, हर पात्र मतदाता को सूची में शामिल करने का लक्ष्य पूरी निष्ठा से हासिल किया जाएगा।

कार्य अधिक सहज और भरोसेमंद हुआ 

कार्यक्रम के दौरान ज्ञानेश कुमार ने बीएलओ का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि पहले डोर-टू-डोर सत्यापन के समय पहचान पत्र नहीं होने के कारण कई बार लोगों में संदेह की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। अब निर्वाचन आयोग द्वारा बीएलओ को आधिकारिक पहचान पत्र उपलब्ध कराए जाने से घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य अधिक सहज और भरोसेमंद हो गया है।

इस संवाद कार्यक्रम में जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों से आए बीएलओ ने गहन पुनरीक्षण से जुड़ी अपनी कार्यानुभूतियां साझा कीं। बीएलओ प्रमिला यादव ने मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला, जबकि गुलशन परवीन ने मतदाताओं को आयु के आधार पर ए, बी, सी और डी श्रेणियों में वर्गीकृत कर मैपिंग करने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।

बीएलओ गीता कुमारी ने मतदाता सूची मैपिंग की जानकारी दी, वहीं दीपम कुमारी ने मैपिंग के आठ प्रमुख चेकपॉइंट पर चर्चा की। राखी देवी और संगीता देवी ने घरों को नोशनल नंबर आवंटित करने की प्रक्रिया बताई। कुमारी प्रिया ने फॉर्म 6, 7 और 8 भरने की विधि समझाई, जबकि बीएलओ रजिया खातून ने स्पष्ट किया कि गहन पुनरीक्षण के दौरान महिला मतदाताओं की मैपिंग माता-पिता के आधार पर की जाएगी, न कि पति के नाम से।

कार्यक्रम के पश्चात आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि देवघर और दुमका के दो दिवसीय दौरे के दौरान उन्हें बाबा बैद्यनाथ और बाबा बासुकीनाथ के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। साथ ही उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया की रीढ़ माने जाने वाले बीएलओ से सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा कि बीएलओ की तैयारी और प्रतिबद्धता को देखकर यह विश्वास पुख्ता होता है कि झारखंड में मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण जब भी शुरू होगा, उसे पारदर्शी, सरल और प्रभावी ढंग से पूरा किया जाएगा।

व्यवस्था के बारे में भी विस्तृत जानकारी साझा हुई 

इस अवसर पर उन्होंने गहन पुनरीक्षण की संपूर्ण प्रक्रिया, इन्यूमरेशन फॉर्म, प्रारूप प्रकाशन, दावा-आपत्ति, नोटिस अवधि, एईआरओ एवं ईआरओ स्तर पर सुनवाई तथा अपील की व्यवस्था के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार, देवघर के उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा सहित जिला प्रशासन एवं निर्वाचन से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !