चेहरा खुला रखकर ही खरीदारी करें
अब गहने खरीदने या देखने के लिए आने वाले ग्राहकों को दुकान के अंदर अपना चेहरा खुला रखना होगा। चाहे महिला बुर्का, घूंघट या पुरुष नकाब पहने हों, उन्हें गहने नहीं दिखाए जाएंगे। व्यापारियों ने इस नियम को लागू करने के लिए दुकानों के बाहर पोस्टर भी लगाए हैं, जिसमें साफ-साफ लिखा है कि कृपया दुकान के अंदर चेहरा खुला रखकर ही खरीदारी करें।
चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके
सर्राफा व्यापार मंडल के सदस्यों का कहना है कि जब से सोने-चांदी के रेट बढ़े हैं, चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। नकाब या बुर्का लगाने वाले चोर CCTV कैमरों में कैद होते हैं, लेकिन चेहरे छिपाए होने के कारण उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है। व्यापारियों का यह कदम सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
सुरक्षा जरूरी है और इस दिशा में कड़े नियम जरूरी
इस फैसले से बाजार में सुरक्षा व्यवस्था और ग्राहक-सुविधा दोनों का संतुलन बनाए रखने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, कुछ लोग इसे विवादास्पद भी मान रहे हैं, लेकिन व्यापारियों का मानना है कि सुरक्षा जरूरी है और इस दिशा में कड़े नियम जरूरी हैं।