Simdega News: सिमडेगा पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को धर दबोचा है जो लोगों को सस्ते में मकान बनवाने का सपना दिखाकर उनकी गाढ़ी कमाई लूट लेता था. शनिवार को सिमडेगा एसडीपीओ बैजू उरांव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले का खुलासा किया.
सेना के जवानों के परिवारों को बनाता था निशाना
पुलिस के अनुसार, गुमला निवासी आरोपी अर्जुन गोप खुद को “मलिकार्जुन ट्रेडिंग एंड सर्विस कंपनी” का मालिक बताता था. वह विशेष रूप से सेना (Army) के जवानों की पत्नियों को अपना शिकार बनाता था. उन्हें झांसा देता था कि वह महज 11 लाख रुपये में चार कमरों का आलीशान पक्का मकान बनाकर देगा.
तीन महिलाओं से ठगे 26 लाख रुपये
आरोपी की चिकनी-चुपड़ी बातों में आकर सिमडेगा की तीन महिलाओं ने उसे मकान बनाने का कॉन्ट्रैक्ट दे दिया. अर्जुन गोप ने इन महिलाओं से किस्तों में कुल 26 लाख रुपये वसूल लिए. पैसे हाथ में आते ही उसने काम बंद कर दिया और अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर फरार हो गया.
छत्तीसगढ़ तक फैला था ठगी का जाल
पुलिस जांच में पता चला है कि अर्जुन गोप एक आदतन अपराधी है. उसने न केवल झारखंड, बल्कि छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर और बलरामपुर जिलों में भी कई लोगों के साथ इसी तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है. वह हर जगह अलग-अलग नाम और फर्जी कंपनियों का हवाला देकर लोगों को ठगता था.
तकनीकी जांच के बाद पहुंचा जेल
सदर थाने में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी सेल की मदद से आरोपी का पीछा किया. लोकेशन ट्रेस होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. शनिवार को कड़ी पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पुलिस अब उसके अन्य साथियों और बैंक खातों की पड़ताल कर रही है.