Simdega News: सिमडेगा पुलिस ने मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार को शहर के संवेदनशील इलाकों और मुहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्गों का फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मुहर्रम कमेटी के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक भी की. बैठक में सभी से प्रशासन का सहयोग करने, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने और आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की गई.
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए. उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर बनाए रखने और जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए.
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से भी अफवाहों से सतर्क रहने की अपील की है. सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया है.
प्रशासन का कहना है कि मुहर्रम के दौरान पूरे जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जा सके.