Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-28

Seraikela News: सरायकेला में साप्ताहिक जनता दरबार, उपायुक्त ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

Seraikela News: सरायकेला जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में मंगलवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं.
विभिन्न मुद्दों को लेकर पहुंचे फरियादी
जनता दरबार में भूमि विवाद, आदित्यपुर-गम्हरिया क्षेत्र के एस-टाइप मैदान के सौंदर्यीकरण और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभ में आ रही बाधाएं, तमोलिया-कपाली मुख्य मार्ग पर गोविंद विद्यालय के पास खराब नल के अधूरे निर्माण जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए.

इसके अलावा ग्राम टुईबासा जाहेरगढ़ में जाहेरस्थान के सौंदर्यीकरण कार्य को पूरा कराने, भूमि म्यूटेशन, राशन, पेंशन, पेयजल और बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज कराई गईं.

अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर त्वरित और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन मामलों का समाधान तुरंत संभव है, उन्हें तत्काल पूरा किया जाए, जबकि शेष मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर नियमानुसार कार्रवाई की जाए. उन्होंने यह भी दोहराया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

हर मंगलवार को लगता है जनता दरबार
प्रशासन की ओर से आमजनों से अपील की गई कि वे अपनी समस्याएं बिना किसी भय के सामने रखें. जिला समाहरणालय में प्रत्येक मंगलवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जहां नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं.

जनता दरबार प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है. समयबद्ध कार्रवाई और जिम्मेदारियों के स्पष्ट निर्धारण से उम्मीद की जा रही है कि जिले में लंबित समस्याओं का तेजी से समाधान हो सकेगा.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !