Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के विनिर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने कुचाई थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। गुरुवार को ग्राम जिलिंग्दा में छापेमारी कर 4 अवैध चुलाई भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया।
गुप्त सूचना पर छापा, भारी मात्रा में जावा महुआ बरामद
गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए इस अभियान में अधिकारियों ने करीब 1300 किलोग्राम जावा महुआ और 30 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की। विभाग की टीम ने मौके पर ही सभी अवैध उत्पादों को जब्त कर विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत नष्ट कर दिया।
अड्डा संचालकों पर दर्ज होगा मामला, कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी
छापेमारी के दौरान चिन्हित अवैध चुलाई अड्डों के संचालकों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान रहेगा जारी, प्रशासन का सख्त संदेश
जिला प्रशासन ने कहा है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन के अनुसार अवैध शराब जनस्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है, इसलिए ऐसे कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान तेज किया जाएगा।