Jamshedpur News: जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में स्वच्छ भारत मिशन को नई गति देने के उद्देश्य से गुरुवार को बारीडीह अंतर्गत बागुनहातु में जागरूकता एवं डस्टबिन वितरण अभियान की शुरुआत की गई। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) द्वारा आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक पूर्णिमा साहू ने किया। अभियान के तहत क्षेत्र के लोगों के बीच 500 डस्टबिन वितरित किए गए।
घर-घर पहुंचीं विधायक, स्वच्छता का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान विधायक पूर्णिमा साहू ने घर-घर जाकर लोगों को दो-दो डस्टबिन भेंट किए और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने नागरिकों को सूखे एवं गीले कचरे को अलग-अलग रखने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि कचरा प्रबंधन की यह व्यवस्था स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
नीले में सूखा, हरे में गीला कचरा रखने की अपील
विधायक ने लोगों से अपील की कि सूखे कचरे को नीले डस्टबिन और गीले कचरे को हरे डस्टबिन में एकत्रित करें। उन्होंने बताया कि जमशेदपुर अक्षेस की ओर से प्रतिदिन कचरा संग्रहण वाहन घर-घर पहुंचकर कचरे का उठाव करेगा। साथ ही लोगों से नालियों, खाली स्थानों और सड़क किनारे कचरा फेंकने से बचने का आग्रह किया गया।
पूर्वी विधानसभा के अन्य क्षेत्रों में भी चलेगा अभियान
पूर्णिमा साहू ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने जानकारी दी कि आने वाले दिनों में पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के अन्य इलाकों में भी घर-घर जाकर डस्टबिन वितरण और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम में गुंजन यादव, कुमार अभिषेक, जीवन साहू, कंचन दत्ता, पंकज प्रिय, राजेश रजक, मीरा झा, देबाशीष दत्ता सहित कई कार्यकर्ता एवं स्थानीय निवासी मौजूद रहे।