Seraikela: सरायकेला जिले के आम लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने सभी फरियादियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को निष्पादन का निर्देश
जनता दरबार में सेविका चयन विवाद, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में नामांकन, राशन कार्ड में नाम जोड़ने और संशोधन, वृद्धावस्था पेंशन में आ रही समस्याएं, पैतृक भूमि की ऑनलाइन प्रविष्टि, भूमि अभिलेखों में सुधार, बिजली के झूलते तारों को दुरुस्त कराने और पेसा नियमावली से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों की जांच नियमानुसार करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के निपटारे में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।