Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन और बिना कागजात खनिजों की ढुलाई के खिलाफ प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन विभाग ने पुलिस और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर कांदरबेड़ा इलाके में वाहनों की जांच की. अभियान के दौरान कांदरबेड़ा काली मंदिर और कांदरबेड़ा-डोबो मार्ग पर आने-जाने वाले खनिज लदे वाहनों को रोका गया. जांच की कमान जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने संभाली.
पत्थर और बालू लदे वाहन पकड़े गए
जांच के दौरान पत्थर लदे 2 हाइवा, बालू लदे 2 हाइवा और एक आयशर वाहन को रोका गया. अधिकारियों ने जब चालकों से खनिज परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे, तो कोई भी वैध परिवहन चालान या जरूरी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका. जांच में यह भी पाया गया कि पांचों वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज लदा था. यानी वाहनों में ओवरलोडिंग का भी मामला सामने आया.
पांचों वाहन जब्त, थाना को सौंपे गए
बिना वैध दस्तावेज खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग के आधार पर सभी पांच वाहनों को जब्त कर लिया गया. इसके बाद जब्त वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थाना को सौंप दिया गया है. प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध खनिज परिवहन करने वालों में हड़कंप की स्थिति है.
आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा है कि जिले में अवैध खनन और बिना वैध चालान के खनिजों के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. प्रशासन का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.