Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कांड्रा थाना पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बुरूडीह पंचायत स्थित नदी किनारे संचालित अवैध देशी महुआ शराब भट्ठियों पर छापेमारी की। इस दौरान 250 किलो जावा महुआ नष्ट किया गया तथा दो अवैध भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया गया।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि कांड्रा थाना क्षेत्र के बुरूडीह पंचायत में नया घाट और नया पुलिया के समीप नदी किनारे बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे से 6:00 बजे के बीच छापेमारी अभियान चलाया गया।
मौके से बरामद हुआ जावा महुआ
कांड्रा थाना प्रभारी के नेतृत्व में सशस्त्र बल के साथ की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से लगभग 250 किलो जावा महुआ बरामद किया, जिसे वहीं नष्ट कर दिया गया। साथ ही शराब निर्माण में उपयोग की जा रही दो भट्ठियों को भी ध्वस्त कर दिया गया।
पुलिस पहुंचने से पहले फरार हुए धंधेबाज
छापेमारी की भनक लगते ही अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।
छापेमारी दल में शामिल रहे पुलिस पदाधिकारी
अभियान में कांड्रा थाना प्रभारी, पुलिस अवर निरीक्षक रामदयाल उरांव तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
अवैध शराब कारोबारियों पर जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी अवैध धंधेबाज को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।