Seraikela News: फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन के सदस्यों ने शनिवार को समाहरणालय पहुंचकर खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा. इस दौरान उन्होंने ग्रामीण बैंक एटीएम के माध्यम से राशन वितरण की प्रस्तावित व्यवस्था का विरोध जताया और सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की.
ज्ञापन सौंपने से पहले एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष स्वर्गीय ओंकारनाथ झा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई. डीलरों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया और उनके सम्मान में नारे भी लगाए.
एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि रांची ग्रामीण, दुमका और सरायकेला जिलों में एटीएम के जरिए राशन वितरण की प्रस्तावित व्यवस्था लागू होने से बड़ी संख्या में लाभुकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. उनका कहना है कि अधिकांश परिवारों में महिलाएं ही राशन लेने के लिए दुकान तक आती हैं, ऐसे में एटीएम व्यवस्था लागू होने पर 50 प्रतिशत से अधिक लाभुक राशन लेने से वंचित रह सकते हैं.
डीलरों ने यह भी आशंका जताई कि यदि यह व्यवस्था लागू की गई तो राज्य के करीब 25 हजार राशन डीलरों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो सकता है. उन्होंने सरकार से इस प्रस्ताव पर दोबारा विचार करने की मांग की.
इस मौके पर फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन सरायकेला-खरसावां के अध्यक्ष फुलकांत झा और कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र उरांव समेत संगठन के कई सदस्य मौजूद रहे.