Pakur: पाकुड़ जिले के मालपहाड़ी थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
6 मार्च को दर्ज हुआ था मामला
जानकारी के अनुसार 6 मार्च को मालपहाड़ी थाना में नाबालिग पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
एसपी के निर्देश पर SIT का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ की पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की।
तीन आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी
पाकुड़ की एसपी निधि द्विवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।