Seraikela: सरायकेला थाना क्षेत्र से जुड़े चोरी के एक पुराने मामले में फरार चल रहे वारंटी अभियुक्त को कांड्रा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से बचते आ रहे आरोपी पर आखिरकार शिकंजा कस गया है।
कांड्रा में छिपकर रह रहा था आरोपी
कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णा लोहार, निवासी कांड्रा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, सरायकेला-खरसावां की अदालत में जीआर संख्या 129/19 के तहत मामला दर्ज था। आरोपी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 414 के तहत चोरी की संपत्ति को खपाने का आरोप था, जिसके कारण उसके विरुद्ध पहले से ही वारंट जारी किया गया था।
गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी, कोर्ट ने भेजा जेल
पुलिस के अनुसार मामला सरायकेला क्षेत्र का होने के बावजूद आरोपी कांड्रा में छिपकर रह रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि फरार वारंटियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।