Ranchi News : रांची में नि:शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2009 के तहत निजी विद्यालयों की प्रवेश कक्षा में 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर नामांकन के लिए मंगलवार को ऑनलाइन लॉटरी आयोजित की गई। इस प्रक्रिया के जरिए वंचित और कमजोर वर्ग के बच्चों का चयन किया गया।
समाहरणालय में पारदर्शी तरीके से पूरी हुई प्रक्रिया, 1036 बच्चों का हुआ चयन
सत्र 2026-27 में नामांकन के लिए समाहरणालय भवन के ब्लॉक-ए स्थित एनआईसी कॉन्फ्रेंस हॉल में ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया संपन्न हुई। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से कराई गई, ताकि पात्र बच्चों के चयन में निष्पक्षता बनी रहे।
जिले के 117 मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में नामांकन के लिए कुल 1036 बच्चों का चयन किया गया। लॉटरी प्रक्रिया की शुरुआत विद्यालयों के एक किलोमीटर दायरे में आने वाले आवेदनों से की गई। इस दौरान अतिकश कुमार का नाम सबसे पहले चयनित हुआ।
अधिकारियों और अभिभावकों की मौजूदगी में निकली लॉटरी
लॉटरी प्रक्रिया रांची SDO और जिला शिक्षा अधीक्षक की मौजूदगी में पूरी की गई। इस दौरान अभिभावकों और संबंधित विभाग के कर्मियों ने भी भाग लिया।
अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन लॉटरी व्यवस्था से नामांकन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है, जिससे पात्र बच्चों को शिक्षा का अधिकार सुनिश्चित किया जा सके।