Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-12

Ranchi News : RINPAS को 85.11 करोड़ रुपये का बजट, वेतन और अस्पताल के रखरखाव पर होगा खर्च

Ranchi News : झारखंड सरकार ने रांची स्थित रिनपास (RINPAS) के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 85.11 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है। यह राशि संस्थान के संचालन, कर्मचारियों के वेतन और अस्पताल के रखरखाव समेत अन्य जरूरी खर्चों पर खर्च की जाएगी।


स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, रिनपास को कुल 85 करोड़ 11 लाख 75 हजार रुपये आवंटित किए गए हैं।

वेतन के लिए 16.74 करोड़, गैर-वेतन मद में 68.37 करोड़

कुल बजट में 16 करोड़ 74 लाख 30 हजार रुपये कर्मचारियों के वेतन के लिए निर्धारित किए गए हैं। वहीं, 68 करोड़ 37 लाख 45 हजार रुपये गैर-वेतन मद में दिए गए हैं। इस राशि का इस्तेमाल अस्पताल के रखरखाव और अन्य जरूरी कार्यों में किया जाएगा। सरकार ने बजट राशि के इस्तेमाल को लेकर कई नियम भी तय किए हैं। रिनपास के निदेशक राशि की निकासी और खर्च के लिए जिम्मेदार होंगे, जबकि स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव इसकी निगरानी करेंगे।

निर्माण और मरम्मत के लिए जरूरी मंजूरी अनिवार्य

निर्माण या मरम्मत का कोई भी काम शुरू करने से पहले उसका अनुमान तैयार करना होगा। इसके लिए जरूरी तकनीकी और प्रशासनिक मंजूरी लेना भी अनिवार्य होगा। सरकार के निर्देश के अनुसार पुराने काम पूरे होने के बाद ही नए काम शुरू किए जा सकेंगे।

काम में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निर्माण या मरम्मत शुरू होने से पहले और काम पूरा होने के बाद की फोटो और वीडियो भी विभाग को उपलब्ध करानी होगी। काम की गुणवत्ता की जिम्मेदारी रिनपास के निदेशक की होगी।

खरीदारी से जुड़े कार्यों में सरकारी वित्तीय नियमों का पालन करना होगा। जरूरत के अनुसार ई-टेंडर की प्रक्रिया भी अपनानी होगी। रिनपास को खर्च का विवरण देने के साथ समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट और उपयोगिता प्रमाण-पत्र स्वास्थ्य विभाग तथा महालेखाकार कार्यालय को उपलब्ध कराना होगा। सरकार के इस बजट से रिनपास में अस्पताल के रखरखाव और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !