Ranchi News : JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्रों को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) का समर्थन मिला है। संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा शुक्रवार को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचीं, जहां उन्होंने आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात कर उनकी मांगों और आगे की रणनीति पर चर्चा की।
पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग को बताया जायज
नेहा बोरा ने कहा कि छात्र पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और अपने अधिकारों की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल झारखंड का नहीं, बल्कि देशभर के युवाओं और अभ्यर्थियों से जुड़ा मुद्दा है, इसलिए इस संघर्ष को व्यापक छात्र संगठनों का समर्थन मिलना चाहिए।
उन्होंने बताया कि हाल ही में दिल्ली में CJP प्रदर्शन के दौरान उन्होंने 23 दिनों तक भूख हड़ताल की थी। अब वह झारखंड आकर JPSC-JSSC आंदोलन में शामिल छात्रों के समर्थन में खड़ी हुई हैं।
विधानसभा मार्च में भी होंगी शामिल
नेहा बोरा ने छात्रों से मुलाकात के बाद कहा कि वह विधानसभा मार्च में भी शामिल होंगी और आंदोलनरत अभ्यर्थियों के साथ अपनी एकजुटता जताएंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्रों की मांगों को लेकर उनका संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा।