Jamshedpur: जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की सहूलियत के लिए अस्पताल प्रशासन ने एक सराहनीय कदम उठाया है। अस्पताल की व्यवस्थाओं, सुविधाओं और इलाज से संबंधित शिकायतों को दूर करने के लिए जल्द ही एक समर्पित शिकायत सहायता केंद्र (ग्रिवांस सेल) की शुरुआत की जा रही है। इस केंद्र के बनने से अब आम लोगों को अपनी परेशानियां दर्ज कराने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
ग्राउंड फ्लोर पर संचालित होगा केंद्र, सुबह 9 से शाम 5 बजे तक तैनात रहेगा कर्मचारी
अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा के निर्देश पर इस शिकायत केंद्र की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मरीजों की पहुंच को आसान बनाने के लिए इसे अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर पर ही स्थापित किया जा रहा है। तय व्यवस्था के तहत प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक यहां एक कर्मचारी तैनात रहेगा, जो शिकायतों को दर्ज कर संबंधित विभाग के साथ समन्वय बनाकर उनका जल्द से जल्द निपटारा कराएगा। वहीं, शाम 5 बजे के बाद आने वाली शिकायतों के लिए पूछताछ केंद्र पर मौजूद होमगार्ड जवानों की सहायता ली जाएगी।
प्रशासनिक अधिकारियों को मिले नए चैंबर, कार्यप्रणाली होगी बेहतर
अस्पताल के दैनिक कामकाज को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए वरीय अस्पताल प्रबंधक सोनू कुमार और डॉ. नेहा जायसवाल को अलग कार्यालय आवंटित किए गए हैं। इससे पहले ये दोनों अधिकारी उपाधीक्षक कक्ष में ही वित्त प्रबंधक के साथ बैठकर काम निपटा रहे थे। अब उन्हें दो कमरों का अलग चैंबर मिल गया है, जहां कंप्यूटर सिस्टम और आवश्यक फर्नीचर लगाए जा रहे हैं। नए कार्यालय के चालू होने से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी।
अधीक्षक डॉ. बलराम झा की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक
गुरुवार को अस्पताल संचालन और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए अधीक्षक डॉ. बलराम झा की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. नारायण उरांव, वित्त प्रबंधक अभिषेक शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने, कार्यालयी कार्यों को सुचारू बनाने और शिकायतों के जल्द निपटारे पर विस्तार से चर्चा हुई।