Ranchi News : झारखंड में शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और लंबित नियुक्तियों के विरोध में सोमवार को आइसा समेत कई छात्र संगठनों ने रांची में प्रदर्शन किया। छात्र जिला स्कूल मैदान से राजभवन तक मार्च निकालते हुए पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को भंग करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। उनका कहना था कि नीट, सीयूईटी और सीबीएसई जैसी परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी छात्र आंदोलन कर रहे हैं और झारखंड के छात्र उनके समर्थन में सड़क पर उतरे हैं।
जेएसएससी परीक्षाओं में गड़बड़ी और लंबित भर्तियों पर भी उठाए सवाल
छात्र संगठनों ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जेएसएससी, पैरामेडिकल समेत कई परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं। वहीं जेई, सिपाही, सहायक आचार्य और एलडीसी जैसी नियुक्तियां लंबे समय से लंबित हैं।
प्रदर्शनकारियों ने क्लस्टर सिस्टम, बीआईटी में 50 प्रतिशत कोटा समाप्त करने और पीजी की पढ़ाई बंद करने के प्रस्ताव का भी विरोध किया। छात्रों ने कहा कि जब तक परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी नहीं बनाई जाती और लंबित नियुक्तियां पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।