Ranchi News : रांची के मांडर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की के साथ न केवल दुष्कर्म का प्रयास किया गया, बल्कि साक्ष्य मिटाने और पहचान छुपाने के उद्देश्य से उसका गला दबाकर जान से मारने की भी कोशिश की गई। घटना लगभग तीन सप्ताह पुरानी बताई जा रही है। आरोपी के परिवार रसूख और खौफ के कारण पीड़ित परिवार इतने दिनों तक चुप्पी साधे रहा, लेकिन आखिरकार बुधवार को परिजनों ने हिम्मत जुटाकर मांडर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
घर में अकेला पाकर पड़ोसी के बेटे ने किया जानलेवा हमला
एफआईआर में दर्ज विवरण के अनुसार, घटना के वक्त पीड़िता के माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे; वे गैस केवाईसी (KYC) संबंधी कार्य से बाहर गए हुए थे। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर पड़ोस में रहने वाले इब्राहिम अंसारी का बेटा, मंसूर अंसारी, जबरन घर में घुस आया। उसने घर में मौजूद अन्य छोटे बच्चों को बहला-फुसलाकर और पैसे देकर दुकान भेज दिया। जब बच्ची घर में बिल्कुल अकेली रह गई, तो आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। पीड़िता द्वारा शोर मचाने और कड़ा विरोध करने पर आरोपी ने उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। जब बच्ची ने हार नहीं मानी, तो आरोपी ने पकड़े जाने के डर से अपने पैर से उसका गला दबा दिया। बच्ची के बेसुध होने और उसे मृत समझने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। शाम को जब माता-पिता लौटे, तो बेटी को अचेत अवस्था में पाकर आनन-फानन में उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के बाद उसकी जान बचाई जा सकी।
दबंगई और खौफ के साए में हफ्तों चुप रहा पीड़ित परिवार
गंभीर चोटों और सदमे से उबरने के बाद जब परिवार ने इस घिनौनी करतूत की शिकायत आरोपी मंसूर अंसारी के परिजनों से की, तो न्याय मिलने के बजाय उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी मिली। आरोपी के परिवार वालों ने पीड़िता के पूरे परिवार को जान से मारने और गांव से उजाड़ देने की धमकी दी। इसी खौफ और सामाजिक लोक-लाज के डर से पीड़ित परिवार हफ्तों तक पुलिस के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। हालांकि, स्थानीय प्रबुद्ध लोगों और शुभचिंतकों के सहयोग से बुधवार को परिवार थाने पहुंचा। मांडर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर पोक्सो एक्ट (POCSO Act) और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर व गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही वह सलाखों के पीछे होगा।