Giridih News: दिवंगत मंत्री और गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद गुरुवार को गिरिडीह स्थित JMM जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा हुई. कार्यक्रम में पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक पहुंचे. पूरे परिसर में शोक का माहौल रहा और कार्यकर्ताओं ने अपने नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी.
चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया नमन
सभा में कार्यकर्ताओं ने सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित किए. अपने नेता को याद करते हुए कई कार्यकर्ता भावुक हो गए. इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके साथ बिताए समय और जुड़ी यादों को साझा किया.
जिलाध्यक्ष संजय सिंह भी हुए भावुक
JMM जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने सुदिव्य सोनू को याद करते हुए कहा कि उनका जाना पार्टी और व्यक्तिगत तौर पर बड़ी क्षति है. उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू उनके लिए सिर्फ पार्टी के नेता नहीं, बल्कि बड़े भाई की तरह थे. उनका स्नेह, मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के प्रति अपनापन हमेशा याद रहेगा.
पार्टी ने जनसेवा आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
संजय सिंह ने कहा कि सुदिव्य सोनू के निधन से गिरिडीह ने एक जननेता को खो दिया है. श्रद्धांजलि सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों और जनसेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम के दौरान अंत तक शोक और भावुकता का माहौल बना रहा.