Ranchi News : नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में सोमवार को मोरहाबादी बाजार के फुटपाथ दुकानदार सड़क पर उतरेंगे। प्रस्तावित आंदोलन में भाकपा, एटक, इंडियन हॉकर्स अलायंस और पथ विक्रेता संघ भी शामिल होंगे।
आंदोलन के तहत दुकानदार पहले रैली निकालेंगे और इसके बाद नगर निगम कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन के दौरान "बेदखली बंद करो", "पुनर्वास करो", "स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट लागू करो" और "रोजगार बचाओ" जैसे नारे लगाए जाएंगे।
पुनर्वास और स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट लागू करने की मांग
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि पथ विक्रेताओं को हटाने से पहले उनका समुचित पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी फुटपाथ दुकानदारों का सर्वे कर उन्हें पहचान पत्र जारी किया जाए और स्ट्रीट वेंडर्स (जीविका संरक्षण एवं पथ विक्रय विनियमन) अधिनियम, 2014 को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।
भाकपा के प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक ने कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए गरीब दुकानदारों को हटाना उचित नहीं है। वहीं पथ विक्रेता संघ के संदीप वर्मा ने टाउन वेंडिंग कमेटी को सक्रिय करने और पथ विक्रेताओं के अधिकारों को सुनिश्चित करने की मांग की।