Ranchi News : प्रदेश कार्यालय, रांची में पार्टी की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में चल रही है। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं।
राज्य की राजनीतिक स्थिति पर हुई चर्चा
बैठक में राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। साथ ही राज्य सरकार की कार्यप्रणाली और विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने पर भी मंथन हो रहा है।
सूत्रों के अनुसार भाजपा बिजली और पानी की समस्या को लेकर राज्य के सभी जिलों में प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही है। इसके अलावा राज्यव्यापी आंदोलन चलाने की रणनीति पर भी चर्चा की जा रही है।
किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी
बैठक में हाल के दिनों में हुई ओलावृष्टि और फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। पार्टी किसानों के लिए ₹3200 प्रति क्विंटल धान खरीद मूल्य, डीएपी और यूरिया की कथित कालाबाजारी तथा फसल क्षति जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि जिन प्रखंडों में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है, वहां एक दिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित करने की नीति पर भी बैठक में चर्चा हुई है।