Ranchi News : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने किसानों से जुड़े मुद्दों और राज्य सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए 15 मई से 20 मई तक झारखंड के सभी प्रखंड मुख्यालयों में एकदिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है और चुनाव पूर्व किए गए वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है।आदित्य साहू ने कहा कि झामुमो और कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में किसानों को 3200 रुपये प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य देने, वन उत्पादों के MSP में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी, कृषि कार्य के लिए मुफ्त बिजली, सस्ती दर पर खाद-बीज और कृषि उपकरण उपलब्ध कराने जैसे कई वादे किए थे, लेकिन सरकार बनने के बाद इन्हें भुला दिया गया।
खाद की कालाबाजारी और योजनाएं बंद करने का आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि किसानों को सस्ती दर पर खाद देने के बजाय उसकी कालाबाजारी हो रही है। उन्होंने कहा कि 266 रुपये वाली यूरिया की बोरी 550 से 800 रुपये तक बेची गई। साथ ही पीडीएस के नमक तक की कालाबाजारी होने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना को बंद कर दिया गया और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में भी बाधाएं उत्पन्न की गईं। आदित्य साहू ने कहा कि वर्तमान सरकार पूरी तरह किसान और गरीब विरोधी है।
ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान, मुआवजे की मांग
आदित्य साहू ने बेमौसम बारिश और भारी ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि रांची समेत कई जिलों में तरबूज, खीरा, ककड़ी और सब्जियों की फसलों को भारी क्षति पहुंची है। कई किसानों ने कर्ज लेकर खेती की थी, लेकिन फसल बर्बाद होने से उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई है।
उन्होंने राज्य सरकार से फसलों के नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की। साथ ही ओलावृष्टि और बारिश से क्षतिग्रस्त हुए गरीब परिवारों के घरों की मरम्मत और राहत सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई।