Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-13

Ranchi News: 15 जून को मनाया जाएगा यात्री सुविधा दिवस, रांची एयरपोर्ट पर होंगे कई विशेष कार्यक्रम

Ranchi:  बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची में 15 जून को ‘यात्री सुविधा दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर यात्रा अनुभव को ध्यान में रखते हुए कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी जानकारी शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि देशभर के एयरपोर्ट्स की तर्ज पर रांची एयरपोर्ट में भी इस दिन यात्रियों के लिए विशेष स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। एयरपोर्ट परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा और यात्रियों को उपलब्ध सुविधाओं एवं सेवाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ यात्रियों के बीच पौधों का वितरण भी किया जाएगा।

सामाजिक सरोकार से जुड़े होंगे कई कार्यक्रम
यात्री सुविधा दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, वाहन चालकों के लिए नेत्र जांच शिविर, स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए सोहराय और कोहबर कला का लाइव प्रदर्शन, लोक नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। यात्रियों के लिए एयरपोर्ट परिसर में विशेष सेल्फी पॉइंट बनाया जाएगा, जहां वे यादगार तस्वीरें ले सकेंगे। साथ ही भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) द्वारा पिछले 12 वर्षों में किए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

12 वर्षों में एयरपोर्ट का हुआ व्यापक विकास
प्रेस वार्ता के दौरान एयरपोर्ट निदेशक ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में हुए विकास कार्यों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2013 में एकीकृत टर्मिनल भवन की स्थापना के बाद एयरपोर्ट के बुनियादी ढांचे का लगातार विस्तार किया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) स्थापित किया गया। वर्ष 2023 में नया एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टावर, एप्रन विस्तार, अतिरिक्त विमान पार्किंग बे, सिक्योरिटी होल्ड एरिया का विस्तार और एयरलाइंस उपकरणों के लिए नया पार्किंग क्षेत्र विकसित किया गया। वहीं वर्ष 2024 में टर्मिनल भवन का नवीनीकरण और वर्ष 2025 में आधुनिक शौचालयों के निर्माण एवं उन्नयन का कार्य किया गया। विनोद कुमार ने बताया कि वर्तमान में रांची एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, पुणे, पटना और भुवनेश्वर सहित कई प्रमुख शहरों के लिए सीधी हवाई सेवाएं उपलब्ध हैं। भविष्य में नई उड़ान सेवाएं शुरू करने के लिए भी प्रयास जारी हैं।


डिजी यात्रा और एक्जीक्यूटिव लाउंज की सुविधा
उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में एयरपोर्ट पर डिजी यात्रा सुविधा शुरू की गई, जिससे यात्रियों को सुरक्षा जांच और बोर्डिंग प्रक्रिया में कम समय लगता है। वहीं वर्ष 2024 में एक्जीक्यूटिव लाउंज की सुविधा भी शुरू की गई, जिसका लाभ यात्रियों को मिल रहा है। एयरपोर्ट निदेशक ने कहा कि ‘यात्री सुविधा दिवस’ का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें झारखंड की संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ना भी है। इस आयोजन को लेकर एयरपोर्ट प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !