Ranchi News: रांची पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है. ओरमांझी थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 12 किलोग्राम तैयार अफीम बरामद की है. जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 45 लाख से 60 लाख रुपये के बीच आंकी जा रही है. इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है.
लग्जरी कार में बना रखा था गुप्त ठिकाना
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रॉबिन राज और सुखलाल मुंडा के रूप में हुई है. दोनों रांची रामगढ़ एनएच 20 से उत्तर प्रदेश नंबर की एक लग्जरी कार में अफीम की खेप लेकर गुजर रहे थे. तस्करी को छिपाने के लिए कार में विशेष बॉक्स तैयार किया गया था और सीटों के नीचे भी अफीम छिपाई गई थी. छापेमारी के दौरान पुलिस ने पूरी खेप बरामद कर ली. इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.
झारखंड से जुटाई गई थी अफीम
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद अफीम को रांची के बुंडू और तमाड़ समेत पश्चिम बंगाल के कई ग्रामीण इलाकों से इकट्ठा किया गया था. इसके बाद इसे उत्तर प्रदेश और बिहार के बाजारों तक पहुंचाने की तैयारी चल रही थी. पुलिस अब इस पूरे सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.
पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ ओरमांझी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. जांच एजेंसियां अब इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में लगी हैं. अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी बड़ी कार्रवाई की जा सकती है.