Ranchi News: रांची रामगढ़ हाईवे पर पुंदाग टोल प्लाजा के पास बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते - होते टल गया. रांची की ओर जा रही एक डस्टर कार में अचानक आग लग गई और कुछ ही देर में पूरा वाहन जलकर राख हो गया. बताया जा रहा है कि आग लगने वजह शॉर्ट सर्किट थी, हाला की राहत की बात यह रही कि कार में सवार तीनों लोग सुरक्षित बाहर निकल गए और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई.
टोलकर्मियों की नजर पड़ी तो सामने आया खतरा
जानकारी के मुताबिक डस्टर कार में तीन लोग सवार थे और रामगढ़ से रांची जा रहे थे. टोल टैक्स देने के लिए जैसे ही कार पुंदाग टोल प्लाजा पर रुकी, वहां मौजूद कर्मचारियों ने बोनट से धुआं निकलते देखा. कार में बैठे लोगों को आग लगने की भनक तक नहीं थी.
कुछ ही मिनटों में आग ने लिया विकराल रूप
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए टोलकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की. उन्होंने कार को टोल प्लाजा से करीब 100 गज दूर सड़क किनारे पहुंचाया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके कुछ ही देर बाद आग तेजी से फैल गई और पूरी कार उसकी चपेट में आ गई. देखते ही देखते वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गया.
समय पर कार्रवाई से टला बड़ा हादसा
अगर आग टोल बूथ के पास ही भड़कती या किसी तरह का विस्फोट होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था. टोलकर्मियों की तत्परता और सूझबूझ की वजह से न सिर्फ तीन लोगों की जान बची, बल्कि टोल प्लाजा पर मौजूद अन्य लोगों को भी किसी खतरे का सामना नहीं करना पड़ा.