Ranchi: राजधानी रांची में बाइक चोरी के मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से तीन चोरी की बाइक, एक मोबाइल फोन और दो मास्टर चाबी बरामद की है.
रांची कॉलेज के पास से चोरी हुई थी बाइक
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त की सुबह सरना कॉलोनी निवासी योगेंद्र साव की स्प्लेंडर प्लस बाइक रांची कॉलेज आदिवासी ग्राउंड के पास से चोरी हो गई थी. मामले को लेकर लालपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी. बाइक और स्कूटी चोरी के मामलों की जांच के लिए एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी. इसी क्रम में 23 अगस्त को टीम ने मोरहाबादी पानी टंकी ग्राउंड के पास एक युवक को पकड़ा.
पूछताछ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार
पकड़े गए युवक की पहचान तमाड़ निवासी गणेश दास के रूप में हुई. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि गणेश चोरी की बाइक को तमाड़ के ग्रामीण इलाकों में बेचता था. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन चोरी की बाइक बरामद की. इसके बाद उसके सहयोगी बुधेश्वर मुंडा को भी गिरफ्तार किया गया.
गणेश दास का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, गणेश दास पहले भी जेल जा चुका है. उसके खिलाफ वर्ष 2026 में गम्हरिया थाना में भी एक मामला दर्ज है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेश दास (30), निवासी तमाड़ और बुधेश्वर मुंडा (30), निवासी रायडीह नीचे बस्ती, तमाड़ के रूप में हुई है.
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह, मोरहाबादी टीओपी प्रभारी राहुल, दीपक कुमार सिन्हा समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे.