Jharkhand Voter List 2026: झारखंड में वोटर लिस्ट को लेकर 25 अगस्त से घर-घर अभियान शुरू होने जा रहा है. BLO यानी बूथ लेवल ऑफिसर सीधे आपके घर पहुंचेंगे. वे परिवार के सभी सदस्यों के नाम वोटर लिस्ट में जांचेंगे. यह अभियान 25 अगस्त से 4 सितंबर तक चलेगा.
घर के सभी लोगों का नाम एक ही बूथ पर कराने की कोशिश
इस अभियान में यह देखा जाएगा कि एक परिवार के सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र की वोटर लिस्ट में हैं या नहीं. अगर एक ही घर के लोगों के नाम अलग-अलग बूथ पर दर्ज हैं, तो उनकी जानकारी भी जुटाई जाएगी. जरूरत पड़ने पर BLO सही बूथ पर नाम ट्रांसफर कराने में मदद करेंगे. इसके लिए फॉर्म-8 भरना होगा.
दूसरे राज्य की वोटर लिस्ट में नाम है तो भी बदल सकेंगे
झारखंड में रहने वाले लोगों का नाम अगर अभी बिहार, पश्चिम बंगाल या किसी दूसरे राज्य की वोटर लिस्ट में दर्ज है, तो वे उसे झारखंड के वर्तमान पते पर ट्रांसफर करा सकते हैं. इसके लिए फॉर्म-8 के साथ जरूरी घोषणा पत्र देना होगा.
घर पर लगाया जाएगा "Family Together Sticker"
BLO सत्यापन के बाद कई घरों पर "Family Together Sticker" भी लगाएंगे. इससे यह पता चलेगा कि परिवार के पात्र सदस्यों के नाम एक ही बूथ की सूची में दर्ज हैं. स्टिकर पर घर की पहचान संख्या और BLO की संपर्क जानकारी भी होगी.
नाम वोटर लिस्ट में नहीं है तो क्या करें?
अगर परिवार के किसी पात्र सदस्य का नाम वोटर लिस्ट में नहीं है, तो फॉर्म-6 के जरिए नाम जुड़वाया जा सकता है. युवा मतदाता ECINET के जरिए ऑनलाइन फॉर्म-6 भर सकते हैं.
किसी तरह की परेशानी होने पर ECINET के "Book a Call" फीचर से BLO से संपर्क किया जा सकता है. इसके अलावा 1950 हेल्पलाइन पर भी चुनाव से जुड़ी जानकारी ली जा सकती है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने लोगों से अपील की है कि BLO के घर पहुंचने पर अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम और जानकारी जरूर जांच लें. इससे वोटर लिस्ट में नाम से जुड़ी गलती समय रहते सुधारी जा सकेगी.