Ranchi News: राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. एक नाबालिग लड़के ने भूख लगने की बात कहकर घर में घुसने की कोशिश की और कुछ ही देर में लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गया.
नाबालिग गिरोह पर पुलिस को शक
यह घटना पीएनटी कॉलोनी, पानी टंकी के पास की है. पीड़िता डेजी रजनी डुंगडुंग (46) के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे ईंट फेंकने की आवाज सुनकर उन्होंने दरवाजा खोला. दरवाजे पर 13 से 15 साल का एक लड़का खड़ा था, जो घर में घुसने की कोशिश कर रहा था. पूछने पर उसने बताया कि उसे भूख लगी है, जिसके बाद महिला ने उसे बाहर भेज दिया.
कुछ देर बाद जब महिला घर के पीछे गईं तो देखा कि नल टूटा हुआ है. उसे ठीक करने के बाद जब वह कमरे में लौटीं तो सामने वाले कमरे का दरवाजा खुला मिला और अलमारी से सामान गायब था.
चोरी में करीब 10.900 ग्राम सोने की चेन, दो जोड़ी बालियां, एक जोड़ी झुमका, एक अंगूठी, 15 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन (रियलमी और आईटेल) शामिल हैं. दोनों फोन में सिम कार्ड भी लगा हुआ था. घटना के बाद लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है पुलिस को आशंका है कि शहर में नाबालिगों का एक गिरोह सक्रिय है, जो पहले घरों की रेकी करता है और फिर ऐसे वारदात को अंजाम देता है. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.