Ranchi News: रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र में एक हाई प्रोफाइल व्यक्ति के घर हुई बड़ी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. इस मामले में रांची पुलिस ने सिमडेगा जाकर कार्रवाई की और वहां की पुलिस के सहयोग से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया.
जानकारी के अनुसार, नगड़ी थाना क्षेत्र में रहने वाले एक विधायक के करीबी राहुल सिंह के घर 18 मार्च को चोरी की वारदात हुई थी. चोर घर से करीब 300 ग्राम सोना, लगभग 30 लाख रुपए नकद, एक मोबाइल फोन और एक बोलेरो/बलेनो कार लेकर फरार हो गए थे.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को सुराग सिमडेगा जिले में मिला. इसके बाद रांची की नगड़ी पुलिस टीम सिमडेगा पहुंची और वहां ठेठईटांगर थाना प्रभारी नवीन कुमार और टाउन थाना प्रभारी रोहित कुमार रजक के सहयोग से छापेमारी की गई.
तीन आरोपी गिरफ्तार
इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों में ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के मतरामेटा निवासी सुल्तान मियां, मो. आजाद अंसारी और सिमडेगा थाना क्षेत्र के सायपुर निवासी दीपक साहू शामिल हैं.
पुलिस ने इनके पास से चोरी के 6 लाख रुपए भी बरामद किए हैं. बरामद राशि को जब्त कर लिया गया है. वहीं, तीनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए नगड़ी थाना पुलिस अपने साथ रांची ले गई है.
पुलिस मामले में बाकी सामान की बरामदगी और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.