Ranchi: राजधानी के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित धुर्वा डैम में सोमवार देर रात एक 21 वर्षीय युवक के डूबने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पता चला कि युवक गहरे पानी में चला गया है। मृतक की पहचान धुर्वा के आदर्श नगर निवासी अमन कुशवाहा के रूप में हुई है। घटना रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है, जब स्थानीय लोगों ने युवक के डैम में समा जाने की सूचना पुलिस को दी। अंधेरा होने और डैम के विशाल क्षेत्र के कारण शुरुआती खोजबीन काफी कठिन रही।
सुबह से तेज हुआ सर्च अभियान, घंटों बाद मिली सफलता
रात में सीमित प्रयास के बाद मंगलवार सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज किया गया और एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। इसके बाद गोताखोरों ने लगातार पानी में तलाश अभियान चलाया। कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद दोपहर करीब 12:30 बजे युवक का शव डैम से बरामद किया गया। इस पूरी कार्रवाई में करीब 15 घंटे का समय लगा, तब जाकर टीम को सफलता मिल पाई।
घटनास्थल से मिले सामान, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जांच के दौरान युवक की स्कूटी और चप्पल बरामद की, जिससे उसकी पहचान सुनिश्चित की गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक डैम में कैसे डूबा। पुलिस आत्महत्या, हादसा या अन्य किसी कारण की आशंका को ध्यान में रखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके।