Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. इस मामले में दर्ज प्राथमिकी से कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. पुलिस अब धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि संदेश किसने और कहां से भेजा.
12 जहरीले गैस बम से हमले की धमकी
धमकी देने वाले व्यक्ति ने अपने ई-मेल में साधारण बम नहीं बल्कि 12 जहरीले गैस बमों के जरिए हमला करने की बात कही है. संदेश में लिखा गया था कि शहर के पासपोर्ट कार्यालयों को इन गैस बमों से निशाना बनाया जाएगा. सूचना मिलते ही शुक्रवार को बम निरोधक दस्ता और स्थानीय पुलिस टीम पासपोर्ट कार्यालय पहुंची और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली. हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.
आउटलुक ई-मेल आईडी से भेजा गया संदेश
एफआईआर के अनुसार यह धमकी भरा ई-मेल rpo.ranchi@mea.gov.in
पर aarna.ashwinshekhar@outlook.com
नाम की आईडी से भेजा गया था. संदेश भेजने वाले ने अपना नाम आरना अश्विन शेखर बताया है. उसने दावा किया है कि वह सीपीआई (माओवादी) के नक्सलबाड़ी से जुड़े बस्तर विंग से संबद्ध है.
ई-मेल में उदयनिधि का भी जिक्र
धमकी भरे संदेश में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है. ई-मेल में लिखा गया है कि उदयनिधि नाम के व्यक्ति ने रेप और छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया है, लेकिन चेन्नई पुलिस उसकी शिकायत दर्ज नहीं कर रही है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं यह किसी को फंसाने की साजिश तो नहीं है या फिर किसी मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति की शरारत.
इस मामले में सुखदेवनगर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक प्रकाश सिंह के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने इस केस को भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के तहत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस ई-मेल के स्रोत और आरोपी की पहचान करने के लिए तकनीकी जांच कर रही है.