Ramgarh News : रामगढ़ जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच भुरकुंडा ओपी क्षेत्र अंतर्गत जवाहर नगर में बैटरी और इन्वर्टर में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। घटना में करीब दो लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, जवाहर नगर निवासी वीरन रजवार के घर में देर रात करीब 3 बजे अचानक बैटरी और इन्वर्टर में आग लग गई। गर्मी के कारण बैटरी ब्लास्ट होने की बात सामने आ रही है। धमाके के बाद आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।
समय रहते जागे परिजन, टला बड़ा हादसा
गृहस्वामी के पुत्र ने बताया कि रात में बिजली कटने के बाद उनकी नींद खुली। जब वे उठे तो सामने वाले कमरे से धुआं निकलता देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। वहीं उनकी छोटी बहन ने भुरकुंडा ओपी, फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद इलाके की बिजली काटी गई।
स्थानीय लोगों की मदद से पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने से पहले ही आग को काफी हद तक बुझा लिया गया था। हालांकि तब तक घर में रखे जरूरी दस्तावेज, कपड़े, लैपटॉप, अलमारी समेत कई सामान जल चुके थे। बताया जा रहा है कि आग में करीब दो लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
गनीमत रही कि जिस कमरे में आग लगी, उसी कमरे में बिरन रजवार की पुत्री निधि रजवार सोने वाली थीं, जो पदमा में प्रखंड विकास पदाधिकारी हैं। अत्यधिक गर्मी के कारण उन्होंने दूसरे कमरे में सोने का फैसला किया। यदि वे उसी कमरे में सो रही होतीं, तो बड़ा हादसा हो सकता था।