Ramgarh: रामगढ़ जिले के सयाल-जमुरिया बाजार में शनिवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने CCL कर्मी बिहारी राम उर्फ बिहारी डोम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिहारी राम अपनी बाइक पर बाजार में खड़े थे, तभी अपराधी अचानक वहां पहुंचे और बिना किसी बहस या चेतावनी के उन पर गोली चला दी।
गोली उनकी पीठ में लगी और आर-पार होते हुए छाती तक पहुंच गई। गोली लगते ही घायल अवस्था में भी उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए बाइक स्टार्ट कर वहां से निकलने की कोशिश की। हालांकि अपराधियों के पीछा करने के दौरान कुछ दूरी पर संतुलन बिगड़ने से वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों की तत्परता से बची जान
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए घायल बिहारी राम को संभाला और बिना देर किए उन्हें भुरकुंडा CCL अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
बाजार क्षेत्र में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। लोग खुलेआम दिनदहाड़े हुई फायरिंग से सहमे हुए हैं।
घटनास्थल से कारतूस बरामद, गैंगवार की आशंका
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में इस वारदात के पीछे राहुल दुबे गैंग की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह हमला इलाके में सक्रिय आपराधिक गुटों के बीच चल रही पुरानी रंजिश का परिणाम हो सकता है। मामले को गैंगवार से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
पारिवारिक पृष्ठभूमि भी जांच के घेरे में
बताया जा रहा है कि घायल बिहारी राम का बेटा शिवराज इस समय हजारीबाग जेल में बंद है। हाल ही में उरीमारी पुलिस की कार्रवाई के दौरान विस्थापित नेता दसई मांझी के घर पर फायरिंग के आरोप में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
पुलिस इस कड़ी को भी गंभीरता से खंगाल रही है। आशंका जताई जा रही है कि बेटे से जुड़े विवाद के कारण ही इस हमले को अंजाम दिया गया हो।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी है और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।