Ramgarh Accident News: झारखंड के रामगढ़ जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. मुहर्रम कार्यक्रम से लौट रहे ताशा दल की पिकअप और कोयला लदे ट्रक की आमने सामने टक्कर में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया है.
घर लौटने की खुशी कुछ ही पलों में मातम में बदली
यह दर्दनाक हादसा गुरुवार देर रात रामगढ़ बोकारो मुख्य मार्ग पर लारी गांव के पास हुआ. जानकारी के अनुसार ताशा दल के सदस्य सांस्कृतिक कार्यक्रम खत्म कर अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे कोयला लदे ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई.
एक युवक जिंदगी की जंग लड़ रहा है
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची. गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया.
ट्रक चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतकों में दो लोग रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमरचा गांव और पांच लोग कुजू के बलसगरा गांव के रहने वाले थे. सभी की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है. हादसे के बाद दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है और परिवारों का रो रोकर बुरा हाल है.